यूपी : विकास के मुद्दे पर अडिग भाजपा

विकास के मामले में योगी सरकार की उपलब्धियां अभूतपूर्व हैं। स्वभाविक रूप से यह प्रमुख चुनावी मुद्दा होगा। इस आधार पर भाजपा पिछली सरकारों को चुनौती देगी। इसके पहले सपा और बसपा को पूर्ण बहुमत से सरकार चलाने का अवसर मिला था। मतदाता आसानी से तीनों सरकारों की तुलना कर सकते हैं। इस तुलना में साफ़ तौर पर दिखाई देगा कि पिछली दोनों सरकारों ने जहाँ जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की वहीं वर्तमान योगी सरकार विकास की राजनीति कर रही है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में विगत चार वर्षों में बड़ा बदलाव आया है। जातिवाद की जगह अब यहां विकास प्रमुख मुद्दा बन गया है। इस परिवर्तन का श्रेय योगी आदित्यनाथ सरकार को है। केंद्रीय गृहमंत्री की उत्तर प्रदेश यात्रा से भी इस मुद्दे को बल मिला है।

चार वर्ष पहले तक उत्तर प्रदेश में तीर्थाटन व पर्यटन विकास कोई मुद्दा नहीं था। इस क्षेत्र में मात्र औपचारिकता का निर्वाह किया जाता था। जबकि उत्तर प्रदेश में तीर्थाटन व पर्यटन विकास की व्यापक संभावना रही है। प्रभु श्री राम व श्री कृष्ण ने यहीं अवतार लिया।

दुनिया की सबसे प्राचीन बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी यहीं है। इसके अलावा अनेक देवीधामों की यहाँ प्रतिष्ठा है। लाखों दर्शनार्थी इन सभी स्थलों पर प्रति वर्ष आते हैं। उनके आगमन से यहां लघु भारत का दृश्य दिखाई देता है। इतना ही नहीं विदेशी पर्यटकों की आमद भी कम नहीं होती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इन सभी स्थलों से भावनात्मक लगाव भी रहा है। इससे भी आगे बढ़ कर उन्होंने इन सभी स्थलों को प्रदेश के समग्र विकास से जोड़ा। पर्यटन व तीर्थाटन से अर्थव्यवस्था को बल मिलता है। स्थानीय स्तर पर परोक्ष व अपरोक्ष रोजगार का सृजन होता है।

साभार : Republic world

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विंध्याचल व काशी यात्रा में तीर्थाटन विकास का मुद्दा उभर कर आया।  पिछली सरकारें वोटबैंक सियासत के कारण इन स्थलों से दूरी बना कर रखती थीं। इस कारण यहां अपेक्षित विकास नहीं किया गया जबकि दशकों पहले ही यहां विश्वस्तरीय विकास की आवश्यकता थी। इस कार्य को केंद्र व प्रदेश की वर्तमान सरकारें पूरा कर रही हैं।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश चहुंमुखी विकास के पथ पर बढ़ रहा है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। प्रदेश सरकार के कुशल नेतृत्व एवं प्रबन्धन में प्रयागराज में कुम्भ का दिव्य एवं भव्य आयोजन सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।  काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। प्रदेश सरकार ने ब्रज तीर्थ एवं चित्रकूट धाम में विकास को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं निहित हैं। प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के कुम्भ में विश्वस्तरीय सुविधाएं एवं सेवाएं विकसित कर कुम्भ को उत्तर प्रदेश के एक ब्राण्ड के रूप में पूरी दुनिया के सामने पेश किया है।

काशी एवं अयोध्या क्षेत्र एक नये कलेवर में विकसित हो रहे हैं। चित्रकूट धाम, श्रृंग्वेरपुर, नैमिषारण्य जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तायुक्त पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी शृंखला में माँ विन्ध्यवासिनी शक्ति धाम में विन्ध्यवासिनी कॉरिडोर का शिलान्यास तथा काली खोह एवं अष्टभुजा में रोप वे का निर्माण पर्यटन के नये क्षितिज को प्रदर्शित कर रहा है।

वास्तव में, विकास के मामले में योगी सरकार की उपलब्धियां अभूतपूर्व हैं। स्वभाविक रूप से यह प्रमुख चुनावी मुद्दा होगा। इस आधार पर भाजपा पिछली सरकारों को चुनौती देगी। इसके पहले सपा और बसपा को पूर्ण बहुमत से सरकार चलाने का अवसर मिला था। मतदाता आसानी से तीनों सरकारों की तुलना कर सकते हैं। इसके अलावा भाजपा विचारधारा पर आधारित पार्टी है। इसमें सबका साथ सबका विकास समाहित है। वोटबैंक की राजनीति का इस विचारधारा में कोई स्थान नहीं है।

अमित शाह ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निरन्तर आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है। प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। केन्द्र सरकार द्वारा घोषित तेईस हजार करोड़ रुपये के हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर फण्ड से सर्वाधिक धनराशि उत्तर प्रदेश को प्राप्त होने वाली है। उत्तर प्रदेश योगी के नेतृत्व में निवेश की पहली पसंद बन चुका है। प्रदेश में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश हो चुका है।

साभार : India Today

विगत चार वर्षों में प्रदेश की आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश में पांच इण्टरनेशनल एयरपोर्ट के साथ तीन अन्य एयरपोर्ट के निर्माण कार्य को गति प्रदान की गई। आठ एयरपोर्ट का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।

सात नई हवाई पट्टिया बन रही हैं। चौदह हजार किमी से अधिक सड़कों का चौड़ीकरण करते हुए लगभग पन्द्रह हजार किमी नई सड़कों का निर्माण किया गया है, जिसमें पांच सौ से अधिक छोटे-बड़े पुलों का निर्माण भी सम्मिलित है।

उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण प्रगति पर है। प्रदेश में आंतरिक सुरक्षा के मामले में सरकार ने पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया है, जिसका परिणाम है कि उत्तर प्रदेश के तीनों जनपद मीरजापुर, चंदौली एवं सोनभद्र नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हो चुके हैं। डेढ़ हजार करोड़ रुपये से अधिज की माफियाओं की सम्पत्ति जब्त की जा चुकी है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से उत्तर प्रदेश के ढाई करोड़ किसानों को लगभग साढ़े बत्तीस हजार करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। लगभग अठत्तर लाख किसानों से अठत्तर हजार करोड़ रुपये का धान एवं गेहूं खरीदा गया। बीस चीनी मिलों का आधुनिकीकरण किया गया है।

लगभग तीस लाख से ज्यादा गरीबों के आवास बनाए गए। दो  करोड़ इकसठ लाख शौचालय बनाये गए। एक करोड़ चौबीस लाख गरीबों को सौभाग्य योजना के तहत बिजली पहुंचायी गयी। एक करोड़ सैंतालीस लाख माताओं को उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस सिलेण्डर प्रदान किया गया हैं।

समग्रतः स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा विकास और विचारधारा दोनों के साथ चुनाव में खड़ी रहेगी। दिलचस्प ये है कि विपक्ष के पास इन दोनों ही विषयों पर भाजपा से मुकाबला करने के लिए कुछ भी ठोस दिखाई नहीं दे रहा। न तो विपक्षी दलों के पास कोई वैचारिक आधार ही दिखता है और न ही इनके पास अपने पिछले शासन में हुए विकास की कोई उपलब्धियां ही बताने को हैं।

(लेखक हिन्दू पीजी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। वरिष्ठ टिप्पणीकार हैं। प्रस्तुत विचार उनके निजी हैं।)