योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की एक नई और चमकदार तस्वीर प्रस्तुत की है

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में विकास के नए आयाम गढ़े हैं और एक नए उत्तर प्रदेश की चमकदार तस्वीर देश के सामने प्रस्तुत की है। आज राष्ट्रीय फलक पर एक ऐसा उत्तर प्रदेश उभरकर आया है जिसकी छवि ‘बीमारू’ राज्य की नहीं, बल्कि एक ऐसे विकासशील राज्य की है जो भारत की प्रगति में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे रहा है।  

पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनेक जनपदों में विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। इसके अलावा अपने सरकारी आवास पर उन्होंने जन प्रतिनिधियों व संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। कई दिन चली इस बैठक में क्रमशः विभिन्न क्षेत्र के जन प्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इन सभी कार्यक्रमों के आधार पर कहा जा सकता है कि योगी आदित्यनाथ विकास को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बना रहे हैं।

तथ्यों के आधार पर वह विगत साढ़े चार वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हैं और निश्चित रूप से इस आधार पर वह पिछली सरकारों से बहुत आगे नजर आते हैं। पार्टी संगठन के लिए भी उनका यही सन्देश रहता है। उनका कहना है कि संगठन के सदस्य इन उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं जिससे अनेक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदो तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि  नए भारत का नया उत्तर प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इस संदर्भ में गौर करें तो प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, चिकित्सालय, सड़क, आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल जैसी कल्याणकारी परियोजनाएं तेजी से मूर्तरूप ले रही हैं। वर्तमान में चन्दौली सहित गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र आदि जनपदों में मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं, जिसके बारे में पहले कोई सोचता भी नहीं था।

अगले वर्ष तक प्रदेश के सभी जनपदों में मेडिकल कॉलेज बन जाएंगे। केन्द्र तथा राज्य सरकार ने प्रत्येक गरीब को आवास, शौचालय, रसोई गैस सिलेण्डर, बिजली से रोशनी आदि सुविधाएं सुलभ करायी हैं। प्रदेश सरकार हर तबके को बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ दे रही है।

कोरोना के समय से सभी गरीब व जरूरतमन्द परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा ई पॉस मशीनों की मदद से राशन वितरण के कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। इस तरह तकनीक के उपयोग से सही व्यक्ति तक खाद्यान्न पहुंच रहा है।

साभार : DNA India

काशी में साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की एक सौ दस विकास परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। जौनपुर वाराणसी, आजमगढ़ वाराणसी, वाराणसी गाजीपुर चार लेन निर्माण कार्य तथा वाराणसी रिंग रोड फेज़ दो सहित विभिन्न सड़क निर्माण व सड़क चौड़ीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।

इसमें बीएचयू व कैंसर हॉस्पिटल में हॉस्टल के निर्माण कार्य, धर्मशाला का निर्माण, विभिन्न पुल व आरओबी के निर्माण कार्य,घाटों में पर्यटन विकास कार्य, टाउन हॉल व पार्किंग निर्माण कार्य के साथ विभिन्न जगहों पर विद्युत उपकेन्द्रों के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।

योगी सरकार के शासन में उत्तर प्रदेश में विश्वास का वातावरण बना है। यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस सकारात्मक माहौल को अभी और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, जिसके लिए सरकार जुटी हुई है।

बीते दिनों योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जनपद का भ्रमण कर वहाँ की समस्याओं को समझा गया। जनपदों की समस्याओं के प्रति राज्य सरकार गम्भीर है और सरकार द्वारा उनका समयबद्ध ढंग से निराकरण किया जा रहा है।

योगी ने बीते दिनों चन्दौली में लगभग आठ सौ करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। चन्दौली में राजकीय मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास सहित करीब डेढ़ सौ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। उन्होंने निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज चन्दौली का निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज चन्दौली का नामकरण पूज्य बाबा कीनाराम के नाम पर किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अघोरेश्वर बाबा कीनाराम जी परम आध्यात्मिक विभूति थे। दीन, दुखियों, वंचितों व अन्य पिछड़ों के प्रति उनके मन में अनुराग था। विशेष बात है कि आज कोरोना महामारी एवं बाढ़ आपदा के बावजूद योगी सरकार ने जनकल्याण और विकास के कार्यों को रुकने नहीं दिया है।

पहले सरकारें कुछ खास क्षेत्रों पर ध्यान देती थीं, जबकि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के पूरे प्रदेश को योजनाओं से लाभान्वित कर रही है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से प्रदेश में निवेश एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है। इस डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर में छह नोड्स विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पेयजल की समस्या के निदान के लिए हर घर नल योजना प्रारम्भ की है। बुन्देलखण्ड क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में हर घर नल योजना के कार्य को युद्धस्तर पर क्रियान्वित करने के लिए काम जारी है।

प्रधानमंत्री सिंचाई योजना द्वारा प्रदेश में दशकों से लम्बित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं को तय समय में पूरा किया जा रहा है। बुन्देलखण्ड क्षेत्र की अर्जुन सहायक नहर परियोजना का कार्य पूर्ण हो चुका है। शीघ्र ही इस परियोजना का लोकार्पण प्रधानमंत्री से कराया जाएगा। आने वाले समय में प्रत्येक जनपद में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित होगा। सभी जनपदों में आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन प्लाण्ट स्थापित किए जा रहे हैं।

ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ते हुए गोल्डन कार्ड प्रदान किए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश सरकार सभी गरीबों को निःशुल्क पक्के घर उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में दो करोड़ इकसठ लाख परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदेश के सभी जनपदों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

कुल मिलाकर स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में विकास के नए आयाम गढ़े हैं और एक नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर देश के सामने प्रस्तुत की है। आज राष्ट्रीय फलक पर एक ऐसा उत्तर प्रदेश उभरकर आया है, जिसकी छवि ‘बीमारू’ राज्य की नहीं, बल्कि एक ऐसा विकासशील राज्य की है जो भारत की प्रगति में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे रहा है।

(लेखक हिन्दू पीजी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। प्रस्तुत विचार उनके निजी हैं।)